अपना घर आश्रम में स्वस्थ होकर प्रभुजी हेमराज ने ली सम्मानजनक विदाई, अब स्वावलंबन की राह पर
श्रीगंगानगर, 5 मई 2026: अपना घर आश्रम, 17 एमएल पठानवाला, श्रीगंगानगर में उपचार तथा सेवा के उपरांत एक प्रभुजन को स्वस्थ होने पर सम्मानपूर्वक विदा किया गया। सचिव जगीरचंद फरमा ने बताया कि 52 वर्षीय प्रभुजी हेमराज को 22 दिसंबर 2025 को संजय हॉस्पिटल श्रीगंगानगर से गंभीर एवं दयनीय स्थिति में अपना घर आश्रम की रेस्क्यू टीम द्वारा लाया गया था। भर्ती के समय वे मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के साथ-साथ कूल्हे की हड्डी टूटने के कारण चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ थे। आश्रम प्रबंधन द्वारा उन्हें एंजल हॉस्पिटल, श्रीगंगानगर में भर्ती करवाकर उनका सफल शल्य उपचार (सर्जरी) कराया गया।अपना घर आश्रम में निरंतर सेवा तथा उचित चिकित्सा के सुखद परिणाम स्वरूप प्रभुजी हेमराज अल्प समय में ही मानसिक रूप से पूर्ण स्वस्थ हो गए और सर्जरी के बाद पुन: अपने पैरों पर चलने लगे। उनके स्वस्थ होने पर अपना घर आश्रम प्रबंधन द्वारा उनकी पत्नी श्रीमती अनु नायक से संपर्क किया गया, जिन्होंने किन्हीं कारणों से आने में असमर्थता व्यक्त की। इसके पश्चात हेमराज द्वारा स्वयं पुरुषार्थ कर आजीविका कमाने की इच्छा तथा आग्रह व्यक्त करने पर, उन्हें स्वयं घर जाने की अनुमति प्रदान की।
कार्यालय संबंधी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद उन्हें ससम्मान विदा किया गया। जाते समय हेमराज ने अपना घर आश्रम द्वारा की गई देखभाल तथा जीवन रक्षक उपचार के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपना घर आश्रम सेवा साथी एवं प्रभुजन उपस्थित थे।

0 टिप्पणियाँ